Location: Ranka
गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत चुतरु गांव के बाजारटांड़ में जंगली हाथी के हमले में एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान डगर मांझी के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार देर रात करीब 9:50 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डगर मांझी अपने घर में सोए हुए थे। इसी दौरान तीन जंगली हाथी उनके मिट्टी के घर की दीवार गिराने लगे। आवाज सुनकर जैसे ही डगर मांझी उठकर बाहर की स्थिति देखने लगे, एक हाथी ने अपनी सूंड से उन्हें पकड़कर घर से बाहर खींच लिया। इसके बाद हाथी ने उन्हें पटक-पटक कर घायल कर दिया तथा पैर से उनकी छाती दबा दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण भयभीत होकर अपने-अपने घरों के बाहर झुंड बनाकर खड़े हैं और हाथियों को भगाने के लिए टीन के डिब्बे एवं अन्य धातु के बर्तन बजा रहे हैं। घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है।
वन विभाग के वनपाल ललन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चुतरु गांव के बाजारटांड़ में जंगली हाथियों के हमले में डगर मांझी की मौत हुई है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।