Location: सगमा
सगमा (गढ़वा):
साइबर अपराध, नशा, दहेज प्रथा व सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर दी गई अहम जानकारी

सगमा, गढ़वा — धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत द्वारा धुरकी स्थित उच्च विद्यालय में छात्राओं के बीच एक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत विद्यालय की नवम एवं दशम कक्षा की छात्राओं को साइबर अपराध, दहेज प्रथा, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, और समाज में व्याप्त अन्य कुरीतियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी ने कहा कि वर्तमान समय में लड़कियाँ अनेक प्रकार के अपराधों का शिकार हो रही हैं। ऐसे में आवश्यक है कि वे सजग एवं सतर्क रहें। उन्होंने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि यदि इस प्रकार की कोई भी घटना घटित होती है, तो बिना समय गँवाए थाना को सूचना दें, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
नशा पान को समाज को खोखला करने वाला बताते हुए उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने परिवार और समाज में इसका विरोध करें। दहेज प्रथा को सभ्य समाज के लिए अभिशाप बताते हुए उन्होंने कहा कि इसकी रोकथाम में बालिकाओं की जागरूकता और भागीदारी सबसे अहम है।
सड़क सुरक्षा के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों की जानकारी और पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे स्वयं भी जागरूक बनें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सरफराज अहमद, शिक्षक अनिल यादव एवं मुकेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे। सभी ने थाना प्रभारी द्वारा चलाए गए इस अभियान की सराहना की और इसे छात्राओं के लिए लाभकारी एवं प्रेरणादायक बताया।












