Location: पलामू
मेदिनीनगर।शहर थाना पुलिस ने क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए आम जनता और जनप्रतिनिधियों से सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि ठंड के मौसम में बाहरी चोर गिरोह सक्रिय हो जाते हैं, जो दिन में इलाके की रेकी कर रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं. थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें तथा चोरों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दें. उन्होंने कहा कि किसी नए या अज्ञात व्यक्ति चाहे वह कबाड़ी, फेरीवाला, सामान बेचने वाला या दान संग्रहकर्ता क्यों न हो की गतिविधियों पर ध्यान रखना जरूरी है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति संतोषजनक जवाब न दे या उसकी गतिविधि संदिग्ध लगे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें. थाना प्रभारी ने कहा कि नागरिकों की सतर्कता ही सुरक्षा की पहली पंक्ति है और उनके सहयोग से ही इन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है. पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











