Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर: शहर के चेचरिया मोहल्ले में शनिवार अहले सुबह करीब 3 बजे लगी भीषण आग ने एक घर और उसमें स्थित दो दुकानों को पूरी तरह जलाकर नष्ट कर दिया। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में लपटें तेज हो गईं और पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर नगर प्रशासन ने दमकल विभाग को भेजा। तीन दमकल गाड़ियों ने लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
आग से प्रभावित घर विक्की कुमार का बताया जा रहा है। आग में घर में रखे लगभग 6 लाख रुपये नकद, गहने, कपड़े, खाद्य सामग्री, दो बाइक, और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गए। विक्की कुमार ने आशंका जताई है कि आगजनी जानबूझकर की गई है। उनका आरोप है कि जमीन विवाद के कारण उनके गोतिया ने इस घटना को अंजाम दिया है। इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बनी थी।
आग की चपेट में रवि कुमार दास की साइकिल रिपेयरिंग व बिक्री की दुकान भी पूरी तरह नष्ट हो गई। दुकान में रखे साइकिल पार्ट्स, उपकरण और तैयार सामान जलकर राख हो गए। रवि कुमार के अनुसार लगभग 4–5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
दमकल और पुलिस ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। जिस घर में आग लगी थी, उसके बाहर खड़े दो पिकअप वाहन जलने की कगार पर थे। दमकल कर्मियों ने शीशा तोड़कर वाहनों को हटाया, जिससे दोनों पिकअप बच गए।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि दमकल कर्मियों की मदद से घर के अंदर सो रहे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच जारी
आग लगने की जानकारी मिलते ही अंचल पदाधिकारी विकास सिंह और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आग के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कुल क्षति 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।











