Location: Manjhiaon
मझिआंव, प्रतिनिधि। बरडीहा प्रखंड सह अंचल के बीडीओ-सह-सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने गुरुवार को ओबरा एवं जतरो-बंजारी पंचायत में ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
ओबरा पंचायत के ओबरा गांव में आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों ने पेंशन, भूमि विवाद सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं। समस्याएं सुनने के बाद बीडीओ-सह-सीओ ने कहा कि सभी प्रकार की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को हर हाल में पेंशन योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
उन्होंने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए एक माह के भीतर आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत सचिव के माध्यम से पंजीकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना में जियो टैगिंग या अन्य किसी कार्य के नाम पर किसी को भी पैसे नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई राशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल उन्हें मोबाइल पर दें। जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ-सह-सीओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों का चयन ग्राम सभा में पूरी पारदर्शिता के साथ करने तथा सबसे पहले जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने सभी पंचायत सचिवों को प्रत्येक माह जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यकारिणी बैठक आयोजित करने और विकास योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने का निर्देश भी दिया।
इधर, जतरो-बंजारी पंचायत के सेमरी गांव में वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर बीडीओ-सह-सीओ प्रवीण कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों की बैठक हुई। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के दस्तावेजों की जांच की और उन्हें आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की सलाह दी। बताया गया कि अंचल अमीन से भूमि की मापी कराकर नियमानुसार न्याय दिलाया जाएगा। इस प्रस्ताव पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई।
बैठक में थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।










