Location: Garhwa
गढ़वा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय वेश्म में 19 अगस्त 2025 को NCORD कमिटी (मादक पदार्थों की तस्करी एवं रोकथाम) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशीले पदार्थों की खेती, तस्करी और इसके दुष्प्रभाव को रोकने के लिए ठोस रणनीति पर चर्चा की गई। पुलिस उपाधीक्षक और ड्रग इंस्पेक्टर ने अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी।
बैठक में वन पदाधिकारी उत्तरी व दक्षिणी, पुलिस उपाधीक्षक, सामान्य शाखा प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी रंका, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अधीक्षक उत्पाद, जिला तंबाकू नियंत्रण पदाधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में अफीम, गांजा, चरस और अन्य मादक पदार्थों की खेती या तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि अगली बैठक से ड्रग इंस्पेक्टर बैठक का नेतृत्व करेंगे और संबंधित सभी विवरण प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में स्कूलों और कॉलेजों में नशा विरोधी अभियान चलाने, दवा दुकानों की नियमित जांच करने और पुलिस व प्रशासनिक स्तर पर समन्वित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य नशामुक्त गढ़वा बनाना है और इसके लिए हर स्तर पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।











