Location: चिनियां
गढ़वा जिला उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने 20 दिसंबर को सेंट्रल से आने वाली नीति आयोग की टीम के प्रस्तावित दौरे को लेकर बुधवार को चिनिया प्रखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिरका जलाशय डैम का निरीक्षण किया, जहां मत्स्य विभाग के अंतर्गत मत्स्यजीवी सहयोग समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों से मछली पालन की जानकारी ली। उपायुक्त ने समिति के सदस्यों को बेहतर कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि मछली पालन जीविका उपार्जन का एक अच्छा साधन है और इसमें और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर को नीति आयोग की केंद्रीय टीम चिरका जलाशय डैम का निरीक्षण करने पहुंचेगी।
इसके बाद उपायुक्त ने चिनिया प्रखंड के चिखुरा पत्थर स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं एवं गुणवत्ता की जांच की गई। गर्म कपड़ों के दो सैंपल लिए गए। केंद्र में नामांकित 80 बच्चों में से मात्र 36 बच्चे उपस्थित पाए गए। बच्चों की कम उपस्थिति पर उपायुक्त ने आंगनबाड़ी सेविका को फटकार लगाई और उपस्थिति में सुधार तथा केंद्र परिसर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने इसके बाद चिखुरा पत्थर उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां प्रधान शिक्षा मित्र लाल मोहन तुरी से पूछताछ के दौरान उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में अभी और सुधार की जरूरत है। उपस्थिति पंजी की जांच में अटेंडेंस दर्ज नहीं पाया गया। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि बच्चों को समय पर मध्यान्ह भोजन नहीं दिया गया था। मध्यान्ह भोजन का मेन्यू बोर्ड पुराना और अनुपयोगी पाए जाने पर उपायुक्त नाराज हो गए। विद्यालय में नामांकित 193 बच्चों में से केवल 80 बच्चे उपस्थित थे, जिनमें सभी बच्चे निर्धारित ड्रेस में नहीं थे। कक्षा से बाहर पढ़ाई कर रहे बच्चों को देखकर उपायुक्त ने शिक्षकों को फटकार लगाई। विद्यालय की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर तीनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इसके बाद उपायुक्त चिनिया प्रखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रखंड एवं अंचल कर्मियों से बारी-बारी से पूछताछ की। जनता से प्राप्त शिकायत के आधार पर अंचल राजस्व कर्मचारी विनोद कुमार रंजन को निलंबित कर दिया गया। साथ ही सभी कर्मियों को समय पर कार्यालय आने और कार्य में सुधार करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान चिरका के आमाटोली टोली के ग्रामीणों ने उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर पुल एवं सड़क निर्माण की मांग की।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुबोध कुमार, प्रखंड प्रमुख सुनैना देवी, जिला मत्स्य पदाधिकारी धनराज कापसे सहित प्रखंड एवं अंचल के कई कर्मी उपस्थित थे।











