
Location: Garhwa
गढ़वा, 12 जून 2025:
पलामू प्रमंडल के पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) श्री नौशाद आलम अंसारी (भा.पु.से.) ने गुरुवार को गढ़वा समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान गढ़वा के पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार (भा.पु.से.) ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
ड्यूटी में तैनात जवानों और हवलदारों द्वारा उन्हें सलामी भी दी गई।
इस अवसर पर आयोजित समीक्षात्मक बैठक में डीआईजी ने गढ़वा जिला के पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (गढ़वा, रंका, श्री बंशीधर नगर) तथा पुलिस निरीक्षकों (मझिआंव, नगर ऊंटारी, भवनाथपुर, भंडरिया) के साथ विधि व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण, और थाना स्तर पर जनसेवा की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि:
- जनता दरबार में शिकायतकर्ता को संतुष्टि मिले, इसके लिए डीएसपी स्तर के अधिकारियों द्वारा मामलों का पर्यवेक्षण सुनिश्चित हो।
- थाना में आम नागरिकों के लिए अच्छी पुलिसिंग और व्यवहार की व्यवस्था हो।
- महिलाओं से संबंधित मामलों को विशेष प्राथमिकता दी जाए।
- आम जनता को दिए गए आवेदनों की स्वीकृति रसीद (रिसीविंग) अनिवार्य रूप से दी जाए।
- जमीन विवादों के निराकरण के लिए थाना परिसर या प्रखंड में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया जाए, जिसमें थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी संयुक्त रूप से मौजूद रहें।
- पुलिस कर्मियों को मर्यादा में रहकर कार्य करते हुए बुद्धि और विवेक से निर्णय लेने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक के उपरांत डीआईजी अंसारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और गढ़वा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और कार्यालय कार्यों को और बेहतर बनाने को लेकर जरूरी निर्देश दिए।