Location: Garhwa
गढ़वा जिले के तीन शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गढ़वा जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता की। इस मौके पर गढ़वा पुलिस अधीक्षक अमन कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता में उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने बताया कि चुनाव की घोषणा होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इस अवधि में किसी प्रकार का ट्रांसफर-पोस्टिंग अथवा नई सरकारी योजनाओं की घोषणा नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि गढ़वा जिले में एक गढ़वा नगर परिषद तथा दो नगर पंचायत—मझिआँव और श्री बंशीधर नगर—में चुनाव कराए जाएंगे। गढ़वा नगर परिषद की कुल आबादी 45,059 है, जिसमें 34,347 मतदाता शामिल हैं। इनमें 17,570 पुरुष एवं 16,777 महिला मतदाता हैं। श्री बंशीधर नगर पंचायत की कुल आबादी 42,725 है, जहां 26,946 मतदाता हैं, जिनमें 13,749 पुरुष और 13,197 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं मझिआँव नगर पंचायत की कुल आबादी 18,349 है और यहां 15,266 मतदाता हैं, जिनमें 7,757 पुरुष तथा 7,509 महिला मतदाता हैं।
उपायुक्त ने बताया कि इस बार मतदान ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मतदान की तिथि के दिन मैट्रिक की परीक्षा निर्धारित है, जिसे लेकर निर्वाचन आयोग और शिक्षा विभाग के बीच समन्वय की प्रक्रिया चल रही है।
चुनावी खर्च की सीमा की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिकतम छह लाख रुपये, वार्ड पार्षद डेढ़ लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे। वहीं नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए अधिकतम पांच लाख रुपये तथा वार्ड पार्षद के लिए एक लाख रुपये खर्च की सीमा निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि तीनों नगर पालिका क्षेत्रों के अध्यक्ष पद के लिए तीन निर्वाची पदाधिकारी तथा वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 12 निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपर समाहर्ता को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि श्री बंशीधर नगर और मझिआँव नगर पंचायत के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर गढ़वा एसपी अमन कुमार ने कहा कि चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जगह-जगह चेक पोस्ट लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनजर सभी आर्म्स लाइसेंसधारियों को अपने हथियार संबंधित थानों में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
प्रेसवार्ता में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज माहेश्वरम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रवेश कुशवाहा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, अंचल अधिकारी भंडरिया राकेश भूषण सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी कांडी राकेश सहाय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।











