
साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने दी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
गढ़वा: भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा 5 मई 2025 से पटना (बिहार) में आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में साइक्लिंग स्पर्धा के लिए गढ़वा जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र पाठक को कंपटीशन मैनेजर (CM) के रूप में साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा मनोनीत किया गया है।
विदित हो कि इस प्रतिष्ठित आयोजन में रोड एवं ट्रैक साइक्लिंग इवेंट्स का आयोजन किया जाएगा। शैलेंद्र पाठक इस पद पर नियुक्त होने वाले गढ़वा जिले के पहले खेल प्रशासक हैं। वर्ष 2002 से खेल एवं खिलाड़ियों के विकास में सक्रिय पाठक ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई आयोजनों में भाग लेकर जिले को गौरवान्वित किया है।
अपनी नियुक्ति पर उन्होंने फेडरेशन के महासचिव सरदार मनिंदर पाल सिंह और झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधु कांत पाठक के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस उपलब्धि पर लोकसभा सांसद विजय हांसदा, उपायुक्त शेखर जमुआर, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडे, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, उपविकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, खेल निदेशक संदीप कुमार, झारखंड खेल विभाग के नोडल ऑफिसर तुषार राय, झारखंड साइक्लिंग संघ के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, गढ़वा ओलंपिक संघ के वरीय उपाध्यक्ष उदय नारायण तिवारी, महासचिव आलोक मिश्रा, वॉलीबॉल संघ के सचिव ओमप्रकाश तिवारी, सहित जिले के अनेक खेलप्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और खेल पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और इस जिम्मेदारी को कुशलता से निभाने की शुभकामनाएं दीं।
यह जानकारी गढ़वा जिला साइक्लिंग संघ के सचिव अरविंद दुबे द्वारा साझा की गई।
24 total views , 1 views today