Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): धुरकी प्रखंड के रक्सी पंचायत अंतर्गत कदवा गांव स्थित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान के संचालक उमेश राम पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दिसंबर माह का अंगूठा लगवाने के बावजूद डीलर द्वारा राशन देने से इनकार किया जा रहा है। साथ ही प्रति व्यक्ति एक किलो राशन की नियमित कटौती भी की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार जब वे राशन लेने दुकान पर जाते हैं तो डीलर यह कहकर टाल देते हैं कि साल में 12 महीने होते हैं, लेकिन उनके यहां केवल 11 महीने का ही राशन दिया जाएगा। इसी तर्क के आधार पर दिसंबर माह का राशन देने से मना कर दिया जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि राशन वितरण के समय तौल कर अनाज नहीं दिया जाता, जिससे निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलता है। प्रति व्यक्ति एक किलो राशन काट लिया जाता है। जब इस संबंध में सवाल किया जाता है तो डीलर ऊपर से निर्देश होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं।
सुरेंद्र विश्वकर्मा, शोभनाथ यादव, विनोद यादव, विपिन यादव, उदयशंकर यादव, जोखू भुईयां, नरेश राम, जमुना भुईयां, नरेश भुईयां, छठु यादव सहित कई कार्डधारकों ने कहा कि दिसंबर माह का पूरा राशन नहीं देना और प्रति व्यक्ति राशन में कटौती करना सरकारी नियमों के खिलाफ है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भारी परेशानी हो रही है।
वहीं इस मामले में पीडीएस डीलर उमेश राम ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से ग्रामीणों की सहमति से दिसंबर माह का राशन नहीं दिया जा रहा है। उनके अनुसार दो वर्ष पूर्व ग्रामीणों ने बैठक कर दिसंबर माह का राशन गिफ्ट के तौर पर छोड़ने का निर्णय लिया था। हालांकि इस वर्ष ग्रामीण उस पर सहमत नहीं हैं। डीलर ने यह भी कहा कि उन्होंने कार्डधारकों से अंगूठा लगवा लिया है और कानूनन वे यह कह सकते हैं कि राशन वितरित कर दिया गया है।
इस संबंध में प्रभारी गोदाम प्रभारी अंबुज जयसवाल ने बताया कि डीलर उमेश राम को गोदाम से पूरा राशन तौल कर दिया जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है।











