Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि)। कांडी थाना क्षेत्र के गड़ाखुर्द पंचायत अंतर्गत चाकूबाजी कांड के आरोपी अभिषेक दुबे को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के औरंगाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने के बाद उसे गढ़वा लाकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी अविनाश राज ने बताया कि घटना के बाद अभियुक्त फरार हो गया था, जिसे पकड़ने के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे औरंगाबाद से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच उसे गढ़वा न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि शनिवार रात लगभग 8:30 बजे गाँव के ही युवक अभिषेक दुबे उर्फ बाबू दुबे (35 वर्ष) ने किसी आपसी विवाद में पड़ोसी देवेंद्र ठाकुर (45 वर्ष) की पीठ में चाकू घोंप दिया था। देवेंद्र ठाकुर अपने घर पर जेनरल स्टोर चलाते हैं। चाकू लगते ही वे वहीं गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें पहले गढ़वा सदर अस्पताल, फिर मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज और अंततः रांची स्थित मेडिका अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
कांडी थाना में इस मामले को लेकर कांड संख्या 71/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है और पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया गया है।











