Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर
श्री बंशीधर नगर में खरीफ सीजन के बीच खाद की भारी किल्लत ने किसानों को संकट में डाल दिया है। क्षेत्र में खाद वितरण व्यवस्था चरमराई हुई है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टोकन प्रणाली और नियमों की अनदेखी के कारण रोजाना खाद दुकानों के सामने भीड़ जुट रही है।
सुबह से ही खाद के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। धक्का-मुक्की के बीच खासकर महिलाएँ और बुजुर्ग किसान परेशान नजर आ रहे हैं। कई किसान बिना खाद लिए लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
किसानों की प्रतिक्रिया:
गांव मर्चवार के किसान उमेश कुमार ठाकुर ने कहा, “खाद वितरण में कोई व्यवस्था नहीं है। प्रशासन अगर जल्द कदम नहीं उठाता तो खेती और फसल दोनों प्रभावित होंगी।”
एक बुजुर्ग किसान ने बताया, “सुबह से लाइन में खड़ा हूँ, अभी तक खाद नहीं मिला। धक्का-मुक्की में जान जाने का डर है। सरकार को तत्काल व्यवस्था करनी चाहिए।”
किसानों की मुख्य मांगें:
- टोकन व्यवस्था लागू की जाए
- कालाबाज़ारी पर कड़ी निगरानी रखी जाए
- पारदर्शी तरीके से खाद वितरण सुनिश्चित हो
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।











