Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर (गढ़वा):
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दिनांक 25 सितंबर 2025 को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा श्रीमती दीपश्री के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान श्री बंशीधर नगर अंतर्गत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण की शुरुआत भवनाथपुर मोड़ स्थित लाजवाब रेस्टोरेंट से की गई, जहां वैध खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया। रसोई की सफाई व्यवस्था भी असंतोषजनक पाई गई। साथ ही फ्रीजर में एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
इसके उपरांत जंगीपुर ब्लॉक मोड़ स्थित राजन तिवारी मिष्ठान्न भंडार, राजा मिष्ठान भंडार, स्वीकृत भोजनालय, और राजकुमार स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। सभी प्रतिष्ठान बिना वैध लाइसेंस के संचालनरत पाए गए। निरीक्षण के दौरान इन दुकानों में भी एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मिले, जिन्हें मौके पर नष्ट किया गया। साथ ही जांच हेतु खाद्य सैंपलों का संग्रहण किया गया।
बाद में मेन रोड स्थित खप्पर बाबा स्वीट्स की भी जांच की गई, जहां से खाद्य सैंपल लिए गए और जांच प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
कड़ी चेतावनी और जुर्माना
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्रीमती दीपश्री ने बताया कि अवैध रूप से संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया गया है और उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अनुरूप कार्य करें। साथ ही, भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इस निरीक्षण अभियान में विवेक तिवारी, संतोष कुमार एवं बबलू पांडे सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य शामिल थे।











