Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर:
नगर उंटारी में इन दिनों एक अजीब और चिंताजनक गतिविधि सामने आई है, जिससे आम लोग दहशत और असमंजस में हैं। नगर उंटारी मुख्य बाजार, कचहरी मोड़, ब्लॉक मोड़, हनुमान मोड़ सहित अन्य व्यस्त इलाकों में 8 से 10 युवतियां अचानक राहगीरों और वाहन चालकों को रोककर ‘मदद’ के नाम पर रुपये मांगती नजर आ रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ये युवतियां खुद को राजस्थान का निवासी बताती हैं और अनाथ बच्चों की सहायता के लिए चंदा जुटाने की बात कहती हैं। वे जींस-शर्ट पहने रहती हैं और उनके पास एक पर्चा होता है, जिसे वे वाहन चालकों व दुकानदारों को दिखाती हैं। पर्चे में लिखा है कि वे रानीपुर के रहने वाले हैं, किसी मजबूरीवश घर छोड़ना पड़ा है, उनके साथ छोटे-छोटे बच्चे हैं और खाने-पीने व कपड़ों के लिए वे लाचार हैं। इसी भावनात्मक अपील के जरिए लोगों से रुपये वसूले जा रहे हैं।
हालांकि जब एक पत्रकार ने पूरे मामले का वीडियो बनाना शुरू किया तो युवतियां वहां से हटने लगीं और कुछ ने वीडियो डिलीट करने की बात भी कही। इस व्यवहार से लोगों का संदेह और गहरा गया। अचानक सड़क पर गाड़ियां रोककर रुपये मांगने की इस प्रक्रिया से कई वाहन चालक घबरा गए, वहीं कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया।
मामले की सूचना नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार को दी गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जानकारी मिली है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये युवतियां कौन हैं, इनका वास्तविक उद्देश्य क्या है और क्या यह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।











