Location: Garhwa
गढ़वा। अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने अपने साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम “कॉफ़ी विद एसडीएम” में गुरुवार को गोपालकों और गौशाला समितियों के साथ बैठक की। बैठक में गौशाला संचालन, अनाथ गोवंश, पंजीकरण, पशु संरक्षण और पशु तस्करी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें जिला पशुपालन पदाधिकारी और गव्य विकास पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में श्रीकृष्ण गौशाला समिति ने पंजीकरण की अद्यतन स्थिति, 20 एकड़ दर्ज भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग और संचालन में आ रही दिक्कतों को रखा। सदस्यों ने बताया कि संसाधनों की कमी के कारण लावारिस और घायल पशुओं को समुचित देखभाल नहीं मिल पा रही है।
एसडीएम ने नगर निकायों और पशुपालन विभाग को शहरी क्षेत्रों में गोवंश की टैगिंग करने और कांजी हाउस निर्माण पर पहल करने का निर्देश दिया। साथ ही गोपालकों से अपील की कि दूध देना बंद कर चुकी गायों को सड़कों पर न छोड़ें।
बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि नगर स्तर पर अभियान चलाकर लोगों को पॉलीथीन में खाद्य पदार्थ फेंकने से रोका जाए, ताकि पशु बीमार न हों। प्रतिभागियों ने पशु तस्करी रोकने का संकल्प लिया और कहा कि संदिग्ध परिवहन की सूचना तुरंत पुलिस या एसडीएम को दी जाएगी।
एसडीएम ने आश्वस्त किया कि सभी सुझावों पर अमल होगा और गढ़वा को गोवंश संरक्षण के क्षेत्र में आदर्श जिला बनाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में विनोद पाठक, घनश्याम प्रसाद, रमेश कुमार दीपक, लकी मधेशिया, राजन ठाकुर, नैतिक कश्यप, नवलेश धर दुबे सहित कई लोग उपस्थित थे।












