Location: केतार
केतार (प्रतिनिधि): केतार स्थित पीएम श्री मध्य विद्यालय में सोमवार को जांच टीम पहुंची। इस टीम में जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज और जिला कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज शामिल थे। अधिकारियों ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक भ्रमण, खेल सामग्री और वित्तीय व्यय की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान भ्रमण में शामिल छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, उनके लिए की गई व्यवस्थाएं तथा विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यालय में खर्च की गई राशि, भुगतान की प्रक्रिया और बजट निकासी से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। हालांकि, यह जांच अभी जारी है और विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि किस मद में कितना व्यय हुआ और क्या वह नियमानुसार था।
जिला कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज ने कहा कि यदि जांच में कोई अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व जिला परिषद की बैठक में सदस्य ज्वाला प्रसाद ने पीएम श्री विद्यालय में वित्तीय अनियमितता का मुद्दा उठाया था। वहीं वरिष्ठ समाजसेवी रामविचार साहू ने उपायुक्त को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि विद्यालय प्रबंधन ने शैक्षणिक भ्रमण में तय सीटों से अधिक छात्रों को ले जाकर और प्रधानाध्यापक की मिलीभगत से आर्थिक गड़बड़ी की है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है। संबंधित रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।











