Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि):
बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरी गांव के रहने वाले खुशहाल यादव के लगभग 25 वर्षीय पुत्र संतोष यादव उर्फ योगेंद्र यादव का शव गुरुवार को जतरो-बंजारी स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पहचान के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की मां के अनुसार पिछले तीन दिनों से संतोष से मोबाइल पर संपर्क नहीं हो पा रहा था। परिजनों को आशंका थी कि वह अपने ससुराल गया होगा। संतोष की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व पलामू जिले के उंटारी रोड में हुई थी। उसकी दो माह की एक पुत्री है।
अब तक इस मामले में थाना में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच की बात कह रही है।