Location: Shree banshidhar nagar
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने शनिवार को नगर ऊंटरी स्थित राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यालय द्वारा परिसर में बनवाए गए दुकानों का किराया कई लोग नियमित रूप से जमा नहीं कर रहे हैं।
इस पर उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि सभी दुकानों का किराया बाजार दर के अनुसार प्रत्येक माह के अंत तक अनिवार्य रूप से जमा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी दुकानदार समय पर किराया नहीं देंगे, उनका दुकान आवंटन रद्द कर दुकान खाली करा दी जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर को इस आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अनुसूचित जाति छात्रावास भवन के जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराने का निर्देश भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रेमलाल सिंह और जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश को दिया।
इसी क्रम में उन्होंने प्रखंड कार्यालय नगर ऊंटरी के बाहर स्थित पुराने जर्जर भवन को 48 घंटे के भीतर हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद कार्रवाई न होना गंभीर लापरवाही है। उपायुक्त ने इस पर नाराजगी जताते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया है।
उपायुक्त का यह निरीक्षण क्षेत्र में शिक्षा, आधारभूत संरचना और जवाबदेही सुधारने की प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है











