Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि। कांडी प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश और प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय ने संयुक्त रूप से उत्क्रमित मध्य विद्यालय बतो खुर्द के आठवीं कक्षा के 27 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया।
इस मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी ने बच्चों से अपील की कि जिनके अभिभावकों के पास मोटरसाइकिल है, वे बिना हेलमेट सड़क पर न निकलें। उन्होंने कहा, “अगर अभिभावक बिना हेलमेट वाहन चलाएं, तो बच्चे उनकी मोटरसाइकिल की चाबी निकालकर अपने पास रख लें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।”
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निशुल्क दी जाने वाली साइकिल से सुदूरवर्ती क्षेत्रों के बच्चों के लिए विद्यालय आने-जाने की यात्रा आसान और समय की बचत करने वाली होगी। साथ ही बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी शाहिद अंसारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलाकांत पाठक, समाजसेवी बाबू खान, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अनूप पासवान समेत कई लोग उपस्थित थे।











