Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि: थाना परिसर में शनिवार को होली एवं रमजान पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने की। उन्होंने कहा कि कांडी प्रखंड में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने इस्लाम समुदाय के लोगों से भी अपील की कि रमजान का पावन महीना भी शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।
अध्यक्ष ने कहा कि कांडी प्रखंड में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग एक-दूसरे के पर्व-त्योहारों में सहयोग करते रहे हैं, जिससे क्षेत्र में सद्भाव कायम रहा है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि यदि कोई असामाजिक तत्व पर्व-त्योहार में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी, क्योंकि अधिकांश अप्रिय घटनाओं के पीछे शराब एक मुख्य कारण होती है। होली को लेकर 04 मार्च को अंग्रेजी शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
थाना प्रभारी अशफाक आलम ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी पुलिस निगरानी रखेगी।
बैठक में प्रखंड प्रमुख पिंकू पांडेय, एसआई जुली टुड्डू, अरविंद सिंह, रविशंकर मिश्रा, एएसआई अरुण कुमार पासवान, राणाडीह पंचायत मुखिया ललित बैठा, कांडी पंचायत मुखिया विजय राम, सरकोनी मुखिया सुबोध कुमार वर्मा, चटनिया मुखिया प्रतिनिधि लालू यादव, घटहुआं मुखिया प्रतिनिधि अरुण राम, शिवपुर मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार राम, कांडी पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अनूप कुमार, युवा समाजसेवी बाबू खान, कांडी पूर्व मुखिया विनोद प्रसाद, गुड्डू मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।











