Location: Garhwa
गढ़वा जिले के कांडी पंचायत समिति में प्रमुख पद के निर्वाचन को लेकर आज विधिवत सूचना जारी कर दी गई है। पिछले वर्ष अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रमुख पद रिक्त हो गया था, जिसके विरुद्ध अब अप्रत्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में कांडी पंचायत समिति के सभी निर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन की तिथि, स्थान और समय की सूचना प्रेषित कर दी गई है।
उक्त निर्वाचन के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार को अध्यक्ष-सह-निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि कांडी अंचलाधिकारी राकेश सहाय को सहायक निर्वाची पदाधिकारी नामित किया गया है।
निर्वाची पदाधिकारी सह सदर एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि पंचायत समिति, कांडी के प्रमुख पद के निर्वाचन हेतु बैठक की तिथि 19 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। यह बैठक कांडी प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। बैठक के दौरान ही नाम निर्देशन, मतदान, मतगणना एवं निर्वाचन की घोषणा से संबंधित सभी प्रक्रियाएं एक ही दिन में संपन्न कराई जाएंगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि निर्वाचन से संबंधित विस्तृत सूचना एवं कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी गढ़वा अनुमंडल कार्यालय एवं कांडी प्रखंड कार्यालय में उपलब्ध है। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्वाचन की समस्त कार्यवाही राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी।











