Location: कांडी
कांडी
कांडी थाना परिसर में मंगलवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। अंचलाधिकारी राकेश सहाय की अध्यक्षता में आयोजित इस थाना दिवस में भूमि विवाद से संबंधित कुल चार आवेदन प्राप्त हुए।
थाना दिवस के दौरान सुनीता देवी (सुंडीपुर), शंभु चौधरी (सलेया), परशुराम पाण्डेय (शिवपुर) एवं नाउ सेमौरा निवासी अश्विनी तिवारी ने आवेदन देकर जमीन से जुड़े मामलों के शीघ्र निपटारे की मांग की। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों द्वारा सुनवाई करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मौके पर प्रभारी थाना प्रभारी रौशन राम ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा, बाल विवाह, नशा मुक्ति एवं साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनका शिकार खासकर अनपढ़ और कम जागरूक लोग अधिक हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन से बचने की अपील की।
थाना प्रभारी ने वाहन चालकों से भी अपील की कि वे गाड़ी चलाते समय सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें और यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन करें।
इस अवसर पर राजस्व कर्मचारी दीपक कुमार यादव, गणेश सिंह चौधरी, मोहम्मद वसीम अख्तर, अंचल सहायक देवेन्द्र कुमार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।











