Location: पलामू
मेदिनीनगर। पांकी थाना क्षेत्र के परसिया गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अरुण पासवान के पुत्र आर्यन कुमार के रूप में की गई है।
परिजनों ने बताया कि आर्यन सुबह कुछ अन्य बच्चों के साथ गांव के पास स्थित कलोलवा नदी में नहाने गया था। इस दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ नहा रहे अन्य बच्चों ने तुरंत घटना की सूचना परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आर्यन को नदी से बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी की टीम – एएसआई सुशीला टीटू, नीरज सिंह, शशि रंजन पांडे, महेंद्र कुमार और विकास कुमार – अस्पताल पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, गांव में शोक का माहौल पसरा हुआ है।











