Location: सगमा
सगमा (गढ़वा)।
कटहरकला पंचायत की मुखिया कलावती देवी के ससुर बिरझन राम का शनिवार की रात लगभग दस बजे आकस्मिक निधन हो गया। वे करीब 80 वर्ष के थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुखिया कलावती देवी के पति राजेंद्र राम ने बताया कि बिरझन राम की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। शनिवार की रात उन्होंने सीने में हल्का दर्द होने की बात कही और पानी पिलाने को कहा। पानी पीने के कुछ ही देर बाद उनका निधन हो गया।
निधन की सूचना मिलते ही पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों से लोग उनके आवास पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने लगे। उन्होंने बताया कि बिरझन राम का अंतिम संस्कार गांव स्थित सतबहिनी घाट पर दिन के दो बजे किया जाएगा। अंतिम संस्कार से पूर्व परिजनों के आने की प्रतीक्षा की जा रही है।
बताया गया कि बिरझन राम सगमा प्रखंड में एक कुशल हारमोनियम वादक के रूप में पहचाने जाते थे। वे मिलनसार स्वभाव के थे, जिसके कारण क्षेत्र के लोगों से उनका घनिष्ठ संबंध रहा।
उनके निधन पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप यादव, बबलू ठाकुर, रविरंजन यादव, सगमा मुखिया तेज लाल राम, घघरी मुखिया पति अशोक राम, बीरबल मुखिया तथा इंद्रजीत कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।











