Location: Ramana
रमना (गढ़वा): रमना थाना क्षेत्र के हरी गणेश मोड़ के पास सोमवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर सड़क पार कर रही 20 वर्षीय संगीता कुमारी की तेज रफ्तार ट्रक से कुचकर मौत हो गई। मृतका रमना निवासी स्वर्गीय चंद्रशेखर सोनी उर्फ बबलू सोनी की पुत्री थी।
संगीता अपनी एक परिचिता महिला के साथ सड़क पार कर रही थी, तभी गढ़वा की ओर जा रहे ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। संगीता ट्रक के पहिए में फंसकर करीब 100 फीट तक घसीटती चली गई, जिससे उसका शव क्षत-विक्षत हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जबकि खलासी को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
घटना के विरोध में परिजनों ने मुआवजे और उपायुक्त को बुलाने की मांग पर शव नहीं उठाने दिया। मौके पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बाद शाम को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और यातायात बहाल हुआ।
स्थानीय लोगों ने अवैध पार्किंग को हादसे की वजह बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।











