Location: Meral
मेराल। हासनदाग के खेल मैदान में आयोजित एचपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मैच हासनदाग और एनसीसी मरचैया के बीच हुआ। टॉस जीतकर एनसीसी ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन हासनदाग के गेंदबाजों के घातक प्रहार के सामने एनसीसी की टीम 56 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से मलिक ने 20 तथा संजय कुमार ने 13 रन बनाए।
हासनदाग की ओर से वसीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 4 रन देकर 3 विकेट लिए। अनूप कुमार ने 15 रन देकर 3 विकेट, कुंदन कुमार ने 13 रन देकर 2 विकेट और अजहर अंसारी ने 24 रन देकर 2 विकेट चटकाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी हासनदाग की टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से ऑलराउंडर वसीम ने 32 रनों की धुआंधार पारी खेली। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। हासनदाग की टीम विजेता रही।
दूसरे मैच में संगवरिया और देवगाना की टीम आमने-सामने थीं। संगरिया ने टॉस जीतकर देवगाना को बल्लेबाजी का न्योता दिया। देवगाना की टीम 50 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। संगवरिया की ओर से मंजेश कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए महत्वपूर्ण 2 विकेट चटकाए। जवाबी पारी में संगवरिया ने 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर मैच सात विकेट से जीत लिया। गेंदबाजी और बल्लेबाजी में शानदार योगदान के लिए मंजेश कुमार मैन ऑफ द मैच बने।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा नेता विनय कुमार चौबे ने वसीम और मंजेश को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे टूर्नामेंटों का आयोजन सराहनीय पहल है, इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र चौधरी, बीडीसी नंदू चौधरी, पूर्व मुखिया राम प्रवेश चंद्रवंशी, अनिल चौधरी, शिवदत्त चौधरी, टूर्नामेंट अध्यक्ष विनोद चौधरी, सचिव गोपी लाल चौधरी समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।











