Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर: नगर पंचायत के वार्ड नंबर-6 स्थित उरांव टोला में मंगलवार की देर रात अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 11 बजे बंशी उरांव के घर में लगी इस भीषण आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय बंशी उरांव और उनकी पत्नी मानमती देवी घर के बरामदे में सोए हुए थे। दोनों ने बताया कि आग कैसे लगी, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में घर में रखे नगद रुपए, अनाज, कपड़े, किताबें और चौकी सहित जरूरी सामान राख में तब्दील हो गए। मानमती देवी ने बताया कि करीब पाँच हज़ार रुपए नगद सहित गेहूं-चावल जैसी गृह उपयोगी वस्तुएं जल गईं। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार की सुबह वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जुगेश उरांव, रामप्रवेश उरांव, अनिल उरांव, अनिल कुमार गुप्ता, सुरेश उरांव, नंदू उरांव सहित कई ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को त्वरित राहत दिलाने की मांग प्रशासन से की है











