Location: Manjhiaon
बीडीओ के नेतृत्व में टीम ने की जांच, प्रभारी प्रधानाध्यापिका को लगाई फटकार
मझिआंव प्रतिनिधि। उपायुक्त के निर्देश पर बरडीहा बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में जांच टीम ने पीएम श्री हाई स्कूल ओबरा का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मध्याह्न भोजन (एमडीएम) सहित विद्यालय की व्यवस्था में कई अनियमितताएं सामने आईं। इस पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका को फटकार लगाते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति को एमडीएम व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया गया।
बताया गया कि ओबरा विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अमिता कुमारी के पति भवनाथपुर प्रखंड में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत हैं। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि वे अपने कार्यस्थल पर उपस्थिति दर्ज कराने के बाद ओबरा विद्यालय में आकर एमडीएम संचालन एवं खाद्य सामग्री की खरीदारी आदि में हस्तक्षेप करते हैं। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी थी।
बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय की अध्यक्ष एवं संयोजिका को हटाने, बच्चों को मेन्यू के अनुसार एमडीएम नहीं देने तथा भोजन में कटौती किए जाने सहित कई शिकायतें उपायुक्त को मिली थीं। शिकायत पर उपायुक्त ने तत्काल जांच का निर्देश दिया था।
जांच में शिकायतें सही पाई गईं
उपायुक्त के निर्देश पर बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह, जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अनिरुद्ध राय और थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह की टीम विद्यालय पहुंची। जांच के दौरान छात्रों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने की बात सामने आई। ग्रामीणों ने भोजन में कटौती किए जाने की भी शिकायत की।
जांच टीम ने विद्यालय के रसोईघर का भी निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई की कमी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई। बच्चों को टंकी का पानी पिलाए जाने की शिकायत पर भी टीम ने जानकारी ली।
जांच के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापिका अमिता कुमारी को फटकार लगाते हुए एमडीएम संचालन की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष एवं संयोजिका को सौंपने का निर्देश दिया गया। रसोईघर एवं चावल गोदाम की चाबी भी संयोजिका को सौंपने की हिदायत दी गई। बीडीओ ने कहा कि शुक्रवार से बच्चों को एमडीएम मिलने में किसी प्रकार की परेशानी होने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक का प्रभार किसी अन्य शिक्षक को सौंपने की भी मांग की है।
सलगा पश्चिम स्कूल में भी मिली अनियमितता
जांच टीम ने नव प्राथमिक विद्यालय सलगा पश्चिम का भी निरीक्षण किया। वहां भी कई अनियमितताएं सामने आईं और कुछ शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय के किचन में साफ-सफाई की कमी तथा प्रकाश व्यवस्था का अभाव पाया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बच्चों को मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जाता और प्रतिदिन केवल खिचड़ी परोसी जाती है। बच्चों को टंकी का पानी पिलाए जाने की बात भी ग्रामीणों ने बताई।
जांच के दौरान थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा कार्यालय के विवेक तिवारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष केश नाथ मेहता, संयोजिका गीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।











