Location: Meral
गढ़वा: जिले के मेराल थाना क्षेत्र के कमरमा गांव में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन ईंट भट्ठा अचानक गिर जाने से एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सम्भल जिले के मौ पुर बाबई गांव निवासी 35 वर्षीय पप्पू सिंह पुत्र रामकुमार सिंह के रूप में हुई है। सभी मजदूर उत्तर प्रदेश से गढ़वा में काम करने आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुड्डू सिंह के नए ईंट भट्ठे का निर्माण कार्य चल रहा था। मजदूर करीब 60 फीट की ऊंचाई पर प्लास्टरिंग कर रहे थे, तभी ऊपरी हिस्सा धंसक गया और सभी मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही मेराल प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने भट्ठा मालिक को मजदूरों के इलाज में हर संभव मदद करने का निर्देश दिया और परिजनों को सहायता का भरोसा दिलाया














