
Location: पलामू
मेदिनीनगर: सोशल मीडिया पर दोस्ती, प्यार और शादी के किस्से अब आम हो चले हैं, लेकिन इंस्टाग्राम पर शादी कर लेना और फिर थाने में विवाद होना कुछ अलग ही मामला है!
शहर थाना में मंगलवार को एक अनोखा मामला सामने आया, जहां एक नाबालिग लड़का और लड़की ने इंस्टाग्राम के जरिए शादी कर ली। परंतु जब यह बात परिजनों को पता चली तो हंगामा मच गया। लड़की के माता-पिता इस शादी से नाराज थे और चाहते थे कि लड़का पक्ष उनकी बेटी को अपने घर ले जाए। दूसरी ओर, लड़का पक्ष ने साफ इंकार कर दिया कि वे लड़की को अपने घर नहीं ले जाएंगे। बस, फिर क्या था – दोनों पक्षों के बीच थाने में जमकर बहस छिड़ गई।
थाना परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले को सुलझाने में लगी हुई है, लेकिन अब तक कोई नतीजा नहीं निकल सका है। इस अनोखे ‘इंस्टाग्राम विवाह’ का क्या अंजाम होगा, यह देखने वाली बात होगी!