Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र के ऊचरी स्थित आर.के. पब्लिक स्कूल में बुधवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य के.आर. झा एवं रेफरल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विशाल कुमार ने भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य के.आर. झा ने डॉ. बिधान चंद्र राय के प्रेरणादायी एवं बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक प्रख्यात चिकित्सक होने के साथ-साथ दूरदर्शी नेता भी थे। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के तहत आयोजित परामर्श सत्र में विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए अनुशासित अध्ययन, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच पर विशेष बल दिया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. विशाल कुमार ने विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित योग और व्यायाम, पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण नींद, ध्यान (मेडिटेशन) तथा मोबाइल फोन के सीमित उपयोग के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ एवं फिट रहने के लिए कई उपयोगी टिप्स साझा किए और उन्हें दैनिक जीवन में अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य के.आर. झा ने डॉ. विशाल कुमार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा विद्यालय परिवार की ओर से उनका आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के निदेशक अलख नाथ पांडेय ने अपने संदेश में इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सक समाज में ईश्वर के बाद सबसे महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।











