
Location: पलामू
मेदिनीनगर। सदर थाना क्षेत्र के चुकरु गांव में बीती रात आपसी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में महिला सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में विनोद सिंह, निरंजन सिंह, दिलीप सिंह, चंद्रदेव सिंह, उषा देवी और सूरज सिंह शामिल हैं।
स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा इलाज के बाद भी विनोद सिंह, उषा देवी और चंद्रदेव सिंह की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायल महिला उषा देवी ने बताया कि बीती रात उनके भसुर विनोद सिंह खेत से लौटने के बाद किसी बात को लेकर उनके पति चंद्रदेव सिंह से उलझ गए। इसी दौरान उन्होंने (उषा देवी को) डायन कहकर गाली-गलौज भी की। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें सभी लोग घायल हो गए।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।