Location: Meral
मेराल, 14 सितंबर – एस.जी.एन. मॉडर्न किंडर गार्टन स्कूल, मेराल में आज हिंदी दिवस एवं प्रभात संगीत दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात संगीत के रचयिता श्री श्री आनंदमूर्ति जी (उर्फ श्री प्रभात रंजन सरकार) की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पण कर की गई।
विद्यालय के निदेशक एवं आनंद मार्ग प्रचारक संघ के भुक्ति प्रधान श्री धर्मेंद्र देव ने प्रभात संगीत की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह 5018 गीतों का एक विलक्षण संग्रह है, जिसे आनंद मार्ग के संस्थापक श्री प्रभात रंजन सरकार ने रचा। यह संग्रह भक्ति, अध्यात्म, प्रकृति, सौंदर्य, सामाजिक चेतना, लोकजीवन एवं बालमन जैसे विविध विषयों से समृद्ध है। प्रभात संगीत को संस्कृति और संगीत के क्षेत्र में एक नवीन युग की शुरुआत माना जाता है।
इस अवसर पर उन्होंने हिंदी दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को भारत गणराज्य की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। यह दिन न केवल हिंदी भाषा के सम्मान में मनाया जाता है, बल्कि यह देशवासियों को अपनी मातृभाषा के प्रति गर्व और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा भी देता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक राहुल कुमार, पूजा कुमारी, सिमरन कुमारी, करण कुमार कौशल, रामाशीष राम, संजय ठाकुर, संजय कुमार गुप्ता, दुर्गेश राम सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सभी ने मिलकर प्रभात संगीत का सामूहिक गायन किया और हिंदी भाषा की गरिमा को आत्मसात किया।












