Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर: भाजपा समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर पंचायत के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर के सभी मतदाताओं, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं अपने परिवारजनों का वे हृदय से धन्यवाद करती हैं।
उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष साधना देवी को जीत की बधाई देते हुए कहा कि चुनाव परिणाम चाहे जो भी हो, उनका जनसेवा का संकल्प पहले की तरह जारी रहेगा। “मैं चुनाव हारी हूं, लेकिन जनता के बीच रहकर उनके दुख-सुख में शामिल होती रहूंगी और एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाऊंगी,” उन्होंने कहा।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि मुकेश चौबे ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने वाली जनता एवं पार्टी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत लगी रहती है और जो जनादेश मिला है, उसे वे स्वीकार करते हैं।
वहीं भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष कुमार कनिष्क ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ा है। कुछ कमियां रह गई हैं, जिनकी जल्द समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।











