Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि।
कांडी प्रखंड अंतर्गत ग्राम भिलमा में शनिवार को एक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एसडीओ राजेश कुमार सिंह के पिता स्वर्गीय मिथलेश सिंह की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया। इस दौरान कड़ाके की ठंड को देखते हुए सैकड़ों गरीब, असहाय एवं दिव्यांग परिवारों के बीच कंबल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओ राजेश कुमार सिंह ने अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उनके पिता अपने जीवनकाल में हमेशा जरूरतमंदों की सेवा और सहयोग में लगे रहते थे। वे अक्सर कहा करते थे कि “नर सेवा ही नारायण की सच्ची सेवा है।” उन्हीं के विचारों और पदचिन्हों पर चलते हुए यह कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, ताकि ठंड के इस मौसम में जरूरतमंदों को कुछ राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि वे प्रतिवर्ष अपने पिता की पुण्यतिथि पर इसी प्रकार के सेवा कार्य करते रहेंगे।
इस सेवा कार्यक्रम में नंदकिशोर सिंह, चंद्रकिशोर सिंह, ब्रजकिशोर सिंह, अरविंद सिंह, अजीत सिंह, मदन सिंह, रविंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, रघुनाथ पाल, रामसुंदर प्रजापति, केवल प्रजापति सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।











