Location: Garhwa
गढ़वा। नगरपालिका (आम) चुनाव-2026 के तहत गढ़वा जिला के तीनों नगर निकायों—गढ़वा नगर परिषद, नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर एवं नगर पंचायत मंझिआंव—में नामांकन संवीक्षा की प्रक्रिया 5 फरवरी 2026 को पूरी कर ली गई। स्क्रूटनी के बाद वर्तमान में जिले भर में अध्यक्ष पद के लिए कुल 34 तथा वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 229 अभ्यर्थी विधिमान्य पाए गए हैं। इस दौरान नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर में अध्यक्ष पद हेतु दाखिल एक नामांकन पत्र न्यूनतम आयु की अर्हता पूरी नहीं होने के कारण रद्द कर दिया गया।
संवीक्षा उपरांत गढ़वा नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 14 तथा वार्ड पार्षद पद के लिए 85 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में बचे हैं। वहीं नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर में अध्यक्ष पद के लिए 11 तथा वार्ड पार्षद पद के लिए 92 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं। नगर पंचायत मंझिआंव में अध्यक्ष पद के लिए 9 तथा वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 52 अभ्यर्थी विधिमान्य घोषित किए गए हैं।
नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर में अध्यक्ष पद हेतु कुल 12 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था। संवीक्षा के दौरान अरिसा बानो (उम्र 27 वर्ष) का नामांकन पत्र निर्धारित न्यूनतम आयु 30 वर्ष से कम होने के कारण अस्वीकृत कर दिया गया, जिसके बाद अध्यक्ष पद के लिए 11 प्रत्याशी शेष रह गए।
नगर पंचायत मंझिआंव में वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 62 नामांकन प्रपत्र खरीदे गए थे, जिनमें से चार नामांकन पत्र संवीक्षा के दौरान रद्द किए गए। निर्वाची पदाधिकारी श्रीमती कनक, राजेश कुमार एवं शिवपूजन तिवारी ने बताया कि वार्ड संख्या 12 बीसी-1 के लिए आरक्षित था, जबकि भगवान शर्मा एवं रमेश विश्वकर्मा द्वारा बीसी-2 का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने के कारण उनका नामांकन रद्द किया गया। इसके अलावा वार्ड संख्या 9 की मीरा कुमारी एवं वार्ड संख्या 6 की रवीता देवी का नामांकन जाति प्रमाण पत्र अन्य स्थान से निर्गत होने के कारण अस्वीकृत किया गया। इसके बाद 12 वार्डों के लिए कुल 52 प्रत्याशी मैदान में बने हुए हैं।
इधर गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में स्क्रूटनी के बाद सभी 21 वार्डों में प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। जांच के दौरान आठ अभ्यर्थियों के नामांकन रद्द किए गए। निर्वाची पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी सफी आलम ने बताया कि विभिन्न वार्डों में प्रत्याशियों की संख्या घट-बढ़ी है, जिससे कई जगह चुनावी समीकरण बदले हैं।
चुनाव प्रक्रिया के अनुसार 6 फरवरी को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह अंतिम रूप से स्पष्ट हो सकेगा कि अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों पर कुल कितने प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहेंगे। इसके बाद ही तीनों नगर निकायों में वास्तविक चुनावी तस्वीर पूरी तरह सामने आएगी।











