
Location: Ranka
रंका (गढ़वा): समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके रंका शहर निवासी अमरेन्द्र कुमार को झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सुदेश महतो ने एक सामाजिक कार्यक्रम में सम्मानित किया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर और बुके देकर सम्मानित करते हुए सुदेश महतो ने सार्वजनिक मंच से कहा कि “अमरेन्द्र कुमार अब समाजसेवा का एक ब्रांड बन चुके हैं, जो युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।”
समाजसेवा में अहम योगदान
अमरेन्द्र कुमार ने विभिन्न सरकारी विभागों से समन्वय स्थापित कर अब तक दिव्यांग, अनाथ, बेसहारा और वृद्ध जनों को बड़ी संख्या में बैसाखी, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल और श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए हैं। उनके कार्यों की ईमानदारी की मिसाल तब देखने को मिली जब उन्होंने एक गरीब व्यक्ति का 60,000 रुपये वापस लौटाए, जो अपनी बेटी की शादी के लिए बैंक से निकाले थे लेकिन जल्दबाजी में गिरा बैठे थे।
कोरोना काल में निभाई अहम भूमिका
कोविड-19 महामारी के दौरान अमरेन्द्र कुमार ने प्रवासी मजदूरों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराकर अपनी संवेदनशीलता और सेवा-भावना को दर्शाया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण में भी सक्रिय योगदान
- शिक्षा: आर्थिक रूप से कमजोर और दिव्यांग छात्रों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करते हैं।
- स्वास्थ्य: ग्रामीण क्षेत्रों में फाइलेरिया जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चिकित्सा शिविर लगवाते हैं।
- पर्यावरण: चिलचिलाती धूप में राहगीरों के लिए नि:शुल्क प्याऊ खोलते हैं और पक्षियों के लिए पेड़ों व छतों पर पानी की व्यवस्था करते हैं।
सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान
अमरेन्द्र कुमार बाल विवाह, दहेज प्रथा और बाल श्रम के खिलाफ भी अभियान चलाते हैं। वे जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, कंबल और पुराने वस्त्र वितरित करने के कार्य में भी सक्रिय रहते हैं।
अमरेन्द्र कुमार के इस सम्मान पर रंका अनुमंडल के बुद्धिजीवी वर्गों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।