धुरकी (गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र के सगमा गांव में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 40 किलो जावा महुआ और देसी शराब बनाने के उपकरण नष्ट कर दिए। धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की, जिसमें बड़ी मात्रा में जावा महुआ और शराब बनाने की सामग्री बरामद हुई।
थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार निगरानी कर रही है, ताकि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार पनप न सके। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष देखा जा रहा है।












