Location: सगमा
बारिश बनी वरदान, खेतों में लौटी हरियाली की उम्मीद
सगमा (गढ़वा)। पिछले डेढ़ माह से सूखे की मार झेल रहे सगमा प्रखंड के किसानों के लिए बीते 36 घंटे से हो रही झमाझम बारिश किसी वरदान से कम नहीं है। लगातार हो रही बारिश ने न सिर्फ किसानों की चिंता दूर की है, बल्कि उनके चेहरों पर मुस्कान भी लौटा दी है।
ज्ञात हो कि सगमा प्रखंड में बीते कई हफ्तों से बारिश न होने के कारण खेतों में दरारें पड़ गई थीं और अधिकांश नदी-नाले सूख चुके थे। किसान निराश और हताश नजर आ रहे थे। परंतु पिछले डेढ़ दिन से हो रही भारी बारिश से स्थिति बदलती नजर आ रही है। सूखी पड़ी नदियों और नालों में अब पानी का बहाव फिर से तेज हो गया है और खेतों में जल भराव की स्थिति बन गई है।
किसानों ने खेतों की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि यह बारिश उनके लिए अमृत के समान है। लंबे समय से पशुओं के लिए भी पानी की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी, लेकिन अब जलस्रोतों में पानी भरने लगा है, जिससे पशुपालन को भी राहत मिलेगी।
सगमा के ग्रामीणों और किसानों ने इस बारिश को राहत की बारिश बताते हुए ईश्वर का धन्यवाद व्यक्त किया है। मौसम की यह मेहरबानी अगर इसी तरह जारी रही, तो खरीफ फसल की उम्मीदें फिर से हरी हो सकती हैं।











