Location: सगमा
सगमा प्रखंड अंतर्गत झुनका गांव निवासी मुरली यादव की धर्मपत्नी श्रीमती शिवपतिया देवी (65 वर्ष) का मंगलवार की मध्यरात्रि को उनके आवास पर दुखद निधन हो गया।
परिजनों के अनुसार, वह पिछले चार महीनों से पेट दर्द और जलन की समस्या से पीड़ित थीं। उनका इलाज वाराणसी स्थित महामना मदन हॉस्पिटल में चल रहा था और डॉक्टरों की सलाह पर नियमित दवाइयाँ दी जा रही थीं।
मंगलवार रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पेट में तेज दर्द और जलन बढ़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उन्होंने घर पर ही अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों व ग्रामीणों ने बताया कि शिवपतिया देवी धार्मिक प्रवृत्ति की, सरल एवं मिलनसार स्वभाव की महिला थीं। उनका घर हमेशा मेहमानों और ग्रामीणों से गुलजार रहता था।
बुधवार को दूधवा नदी स्थित श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गांव के लोगों, समाजसेवियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकसंतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।












