Location: Garhwa
गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। प्रत्याशी विकास माली ने अपने प्रतिद्वंदी आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मतदाताओं से उन्हें वोट न देने की अपील की है।
मामला टंडवा वार्ड 21 के पंकज कुमार (पिता: उमेश मेहता) से जुड़ा है, जो हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। एक स्थानीय चैनल पर प्रसारित खबर में दावा किया गया कि दौलत सोनी और उनकी टीम ने घायल को अपनी गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया और हरसंभव मदद की। खबर में उन्हें चुनावी व्यस्तता के बावजूद सहायता करने वाला नेकदिल व्यक्ति बताया गया।
हालांकि, घायल के परिजनों का कहना है कि दौलत सोनी केवल अस्पताल पहुंचे, फोटो खिंचवाई और वहां से चले गए। परिजनों के अनुसार, इसके बाद किसी प्रकार की आर्थिक या अन्य सहायता नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घायल का इस्तेमाल केवल वोट के लिए किया गया और बार-बार संपर्क करने के बावजूद कोई मदद नहीं मिली।
इसी मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विकास माली ने कहा कि यह घटना उनके प्रतिद्वंदी की कथित “दिखावटी समाजसेवा” का उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजसेवा केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित है और मतदाताओं से इस पर विचार करने की अपील की।
फिलहाल, मामले को लेकर दोनों पक्षों के दावों के बीच राजनीतिक माहौल गर्म है।











