मेराल। प्रखंड के विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी से मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि छह माह पूर्व पंचायत समिति सदस्यों की बैठक में प्रखंड की कई जनसमस्याओं को लेकर पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
डॉ. लालमोहन ने बताया कि बैठक में प्रखंड मुख्यालय की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा, रोजगार सृजन और बेरोजगारी कम करने जैसी प्रमुख मांगें रखी गई थीं। इसके अलावा उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों को चालू कराने, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नए शौचालय/पेशाबघर बनवाने, ग्रामीणों को शौचालय निर्माण की लंबित राशि का भुगतान कराने, तथा प्रखंड परिसर स्थित मध्य विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारदीवारी निर्माण जैसी मांगें भी कीं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रखंड परिसर की चारदीवारी के पास दुकानों के निर्माण, सब्जी बाजार के लिए स्थान सुनिश्चित करने, बस स्टैंड पर टैक्सी स्टैंड के लिए जगह चयनित करने, तथा सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, दुकानदारों और राजनीतिक दलों के लोगों के साथ मिलकर समस्याओं के स्थायी समाधान की योजना बनाने की आवश्यकता है।
विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने इन सभी प्रस्तावों पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त दिनेश कुमार यादव को पत्राचार कर पारित प्रस्तावों को शीघ्र क्रियान्वित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि ये सभी प्रस्ताव जनहित से जुड़े हैं, इसलिए विभाग को इन पर प्राथमिकता से कार्य करना चाहिए।
विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि कार्रवाई में विलंब या लापरवाही होती है, तो वे इस मुद्दे को संबंधित मंत्री और विधानसभा सत्र में उठाएंगे।











