Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): क्षेत्र के बैलिया ग्राम निवासी विमला देवी, जो हृदय संबंधी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं, अब विधायक की पहल से जीवनदान पा सकीं। बीते 9 अक्टूबर को अचानक सीने में तेज दर्द होने के बाद विमला देवी को पहले बनारस ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने इलाज का खर्च करीब 3.50 लाख रुपये बताया, जिससे परिजन आर्थिक तंगी के कारण हताश हो गए।
इस बीच, स्थानीय युवा नेता मनीष मिश्रा ने स्थिति की जानकारी विधायक अनन्त प्रताप देव को दी और लिखित आवेदन सौंपा। विधायक ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग से संपर्क साधा और आयुष्मान भारत योजना के तहत विमला देवी के निशुल्क इलाज की प्रक्रिया शुरू कराई।
विधायक की इस त्वरित और मानवीय पहल से विमला देवी का इलाज शुरू हो सका। परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए विधायक के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “ऐसे जनप्रतिनिधि ही जनता की उम्मीदों पर खरे उतरते हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में बिना देर किए मदद के लिए आगे आते हैं।”
युवा कांग्रेस नेता मनीष कुमार मिश्रा ने भी विधायक अनन्त प्रताप देव एवं उनके पुत्र मानवेंद्र प्रताप के हस्तक्षेप के लिए आभार जताते हुए कहा, “उनकी मदद से हमारी बड़ी माता को नया जीवन मिला है, इसके लिए हम हृदय से धन्यवाद करते हैं।”












