Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि): नगर पंचायत क्षेत्र के रैसुआ मुहल्ला, वार्ड नंबर 7 निवासी धर्मदेव राम की पत्नी कैली देवी (उम्र लगभग 58 वर्ष) का सोमवार देर रात हृदयगति रुकने से निधन हो गया। यह घटना दीपावली की रात करीब 11:30 बजे की है, जब पूरा परिवार पर्व मनाकर विश्राम कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, कैली देवी लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित थीं और उनका इलाज बिहार के सासाराम में चल रहा था। इसके साथ ही वह स्वयं सहायता समूह से तीन लोन भी ले चुकी थीं, जिन्हें चुकता न कर पाने की चिंता उन्हें लगातार परेशान कर रही थी। इसी मानसिक तनाव और बीमारी के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतका अपने पीछे पति धर्मदेव राम, एक पुत्र राकेश कुमार और तीन पुत्रियों को छोड़ गई हैं। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को कोयल नदी के श्मशान घाट पर किया गया।
अंतिम संस्कार में मृतका के पति और पुत्र के साथ नगर पंचायत के पूर्व वार्ड पार्षद अजय राम, राजमोहन राम, बालेश्वर राम, लाल मुनीराम, बुधन राम, बौध राम, दशरथ राम, विषय राम, कर्मू राम, प्रदीप राम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। शोक की इस घड़ी में पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल है।











