Location: Meral
राष्ट्रीय पत्रकार दिवस के अवसर पर रविवार शाम स्थानीय थाना परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन छड़–सीमेंट व्यवसायी ज्ञान रंजन मिश्र द्वारा किया गया, जबकि थाना प्रभारी विष्णु कांत ने पत्रकारों को अंग–वस्त्र एवं हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी विष्णु कांत ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथे स्तंभ के रूप में जाना जाता है और समाज में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा के साथ समाज को दिशा देने का काम करते हैं।
समारोह में उपस्थित पत्रकार भारत भूषण तिवारी, संजय तिवारी, ब्रजेश कुमार मिश्र, रमाशंकर चौबे, यासीन अंसारी और विवेकानंद चौबे ने कहा कि राष्ट्रीय पत्रकार दिवस मीडिया कर्मियों को अपने कर्तव्य की याद दिलाता है। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों को जनहित, समाज हित और राष्ट्रहित में निष्पक्षता के साथ काम करते रहना चाहिए।
कार्यक्रम में सभी पत्रकारों ने अपने कर्तव्य, नैतिक जिम्मेदारियों और निष्पक्ष पत्रकारिता की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। सम्मान समारोह को सफल बनाने में राजेश बैठा और विनेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











