Location: Ramana
परिवहन कार्यालय आपके द्वार शिविर में 109 लोगों को मिला लर्निंग लाइसेंस
रमना (गढ़वा), प्रतिनिधि। झारखंड सरकार के परिवहन विभाग की पहल “परिवहन कार्यालय आपके द्वार” अभियान के तहत गुरुवार को रमना पंचायत भवन में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ड्राइविंग एवं लर्निंग लाइसेंस से संबंधित सेवाएं पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई गईं।
सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे, जहां दस्तावेज सत्यापन से लेकर कंप्यूटर आधारित लर्निंग टेस्ट तक की प्रक्रिया पूरी की गई। कुल 127 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 109 आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश एवं रमना पंचायत की मुखिया दुलारी देवी ने संयुक्त रूप से सफल अभ्यर्थियों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा नियमों के पालन एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस के महत्व के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
मौके पर प्रधान सहायक अरविंद सिंह, सड़क सुरक्षा प्रबंधक संजय बैठा, सड़क अभियात्रिकी विश्लेषक विनय रंजन तिवारी, आईटी सहायक नीरज पांडेय, कंप्यूटर ऑपरेटर चंदन सिंह, अतुल रंजन सिन्हा, सूरज प्रकाश चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
रमना में दो अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त, 75 लीटर महुआ शराब बरामद
रमना (गढ़वा), प्रतिनिधि। जिले में चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार को रमना प्रखंड के हरादाग कला एवं हरादाग खुर्द गांव में छापेमारी कर दो अवैध शराब चुलाई भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान 75 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। साथ ही लगभग 10 क्विंटल जावा महुआ एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद अधीक्षक संजीत कुमार देव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले में हरादाग कला निवासी राजू चौधरी एवं धर्मेंद्र चौधरी तथा हरादाग खुर्द निवासी चंदन कुमार के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
अभियान में उत्पाद अवर निरीक्षक निर्मल मरांडी, उत्पाद आरक्षी मुकेश सिंह, ओमप्रकाश सिंह तथा गृह रक्षक के जवान शामिल थे।
65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, बुल्का व टंडवा की टीम विजयी
रमना (गढ़वा), प्रतिनिधि। प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय मैदान में बुधवार को 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख करुणा सोनी, अंचलाधिकारी विकास पांडेय, विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा एवं बीपीएम सुधा गिरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन मैच में अंडर-17 बालक वर्ग के मुकाबले में उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय बुल्का ने उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय टंडवा को 1-0 से पराजित किया।
वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय टंडवा ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रमना को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका शिक्षक विमल कुमार पटेल, संजय मौर्य एवं अनिल कुमार ने निभाई। मौके पर रवि कुमार, पियूष, प्रशांत, मनोज कुजूर, सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, नंदकिशोर चौबे, सीमा गुप्ता, नीलम कुमारी, विनोद कुमार यादव, अरुण कुमार गुप्ता, वीरेंद्र पाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।










