Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा), झारखंड वार्ता
रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में नगर ऊंटारी थाना पुलिस और जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त छापेमारी में बड़ी मात्रा में अवैध मिठाई जब्त की गई है। कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो वाहन से रेडीमेड मिठाइयों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
बोलेरो वाहन में लदी थी अवैध मिठाई, पुलिस को देख फरार हुआ चालक
बुधवार, 6 अगस्त को थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार को सूचना मिली कि नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के चेचेरिया में एक बोलेरो (संख्या CG10FA-2888) में अवैध मिठाई लदी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस को देख चालक वाहन छोड़कर भाग गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मिठाई सत्येंद्र कुमार गुप्ता की है, जो रेडीमेड मिठाई का थोक व्यवसाय करता है। मिठाई रक्षाबंधन के अवसर पर अन्य बाजारों में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने जब सत्येंद्र गुप्ता के परिजनों से मिठाइयों से संबंधित वैध कागजात मांगे, तो कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। बोलेरो जब्त कर थाने लाया गया और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को सूचित किया गया।
गृह परिसर से मिली भारी मात्रा में अवैध मिठाई
गुरुवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री ने टीम के साथ सत्येंद्र गुप्ता के घर पर छापेमारी की। इस दौरान 50 क्विंटल छेना रसगुल्ला और 5 क्विंटल कलाकंद बरामद किए गए। ये सभी मिठाइयां बिना किसी ब्रांडिंग, वैधता या गुणवत्ता जांच के बनाई गई थीं, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकती हैं।
पैकेजिंग पर नहीं थे कोई विवरण, नियमों का खुला उल्लंघन
जांच के दौरान पाया गया कि मिठाई के डब्बों पर न तो निर्माण तिथि, न ही समाप्ति तिथि और न ही निर्माता का नाम या पता दर्ज था। यह सीधे तौर पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम का गंभीर उल्लंघन है।
दीपश्री ने बताया कि जब्त मिठाइयों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्वों के समय मिलावटी मिठाइयों पर रोक लगाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
थाना प्रभारी ने जताई चिंता, की जनसहयोग की अपील
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई से अवैध मिठाई की बड़ी खेप बाजार में जाने से रोक ली गई। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ व्यापार नहीं, लोगों की सेहत से जुड़ा मामला है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
कार्रवाई से मिठाई व्यापारियों में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद श्री बंशीधर नगर के मिठाई व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। प्रशासन की सख्ती से यह स्पष्ट हो गया है कि अब बिना लाइसेंस और गुणवत्ता जांच के मिठाई कारोबार संभव नहीं होगा।












