Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि) – बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत खरडीहा गांव निवासी नंदलाल साहू के 24 वर्षीय पुत्र सुजीत साव उर्फ सनोज साव को मंगलवार को पुलिस ने शराब की पेटी के साथ गिरफ्तार किया। वह मोटरसाइकिल से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब ले जा रहा था।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सलगा तीन मुहान के पास वाहनों की जांच अभियान के दौरान पुलिस ने सुजीत को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद कार्टन में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। उसे मोटरसाइकिल सहित थाना लाया गया।
इस संबंध में बरडीहा थाना कांड संख्या 65/25 के तहत धारा 274, 275, 292, 3(5) BNS एवं 47(A) उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को बुधवार को गढ़वा जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि क्षेत्र में किराना दुकानों के माध्यम से अवैध रूप से शराब बेचने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। कुछ दुकानदार महिलाओं को सामने बैठाकर इस अवैध कार्य को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और जेल भेजा जाएगा।











