Location: Meral
मेराल : शुक्रवार को कल्याण विभाग के तहत प्रखंड क्षेत्र के सात विद्यालयों के 291 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। यह वितरण विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दिलीप कुमार रजक द्वारा किया गया।
कक्षा 8 के 140 छात्राओं और 151 छात्रों को साइकिल दी गई। साइकिल पाने वाले विद्यालयों में कन्या मध्य विद्यालय मेराल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोहबरिया, कुंभी, गोंदा, कजराठ, मध्य विद्यालय मेराल और प्रखंड परिसर विद्यालय शामिल हैं।
पदाधिकारी का बयान प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दिलीप कुमार रजक ने बताया कि झारखंड सरकार की योजना के तहत छात्रों को निःशुल्क साइकिल दी जा रही है ताकि वे विद्यालय आने-जाने में सुविधा पा सकें और शिक्षा जारी रख सकें।
खामियों से छात्र परेशान: वितरण के बाद छात्रों ने शिकायत की कि कई साइकिलों में टायर में हवा नहीं है, चैन अटकी है, सीट टूटी है और ताले खराब हैं।
- आशीष कुमार चौधरी (ब्लॉक कॉलोनी स्कूल) ने कहा, “मेरी साइकिल में हॉर्न, घंटी और ताला खराब है, टायर में भी हवा नहीं है।
- पूजा कुमारी (सोहबरिया) ने बताया, “साइकिल के कई पार्ट्स खराब हैं, मरम्मत करवानी पड़ेगी।”
इस संबंध में सप्लायर के सुपरवाइजर श्रीकांत कुजूर ने सफाई देते हुए कहा, “हमारे पास जो साइकिल है, वही उपलब्ध कराई गई है। दूसरा विकल्प नहीं है।”
वितरण कार्यक्रम में शिक्षक कुंदन कुमार, देवमती कुमारी, रामाशीष पटवा, सत्येंद्र कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।











